बरदह। तहसील मार्टीनगंज के जखावा सतैनी गांव स्थित मुसहर बस्ती के पशुओं में इन दिनों वायरल फीवर का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। बीमारी की चपेट में आने से अब तक लगभग 26 सुअरों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही मौतों से ग्रामीण डरे हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार श्रीवास्तव अपनी टीम के साथ शुक्रवार को मौके पर पहुंचे और बीमार व मृत सुअरों की जांचकी। उन्होंने बताया कि सुअरों में वायरल संक्रमण (फीवर) फैलने से ऐसा हुआ है।
ग्रामीण शौकीन पुत्र मिठाई लाल ने बताया कि उसके 20 सुअर दो दिन के भीतर मर गए, जबकि धनरा की 1, पिंटू की 3 और लालचंद की 2 सुअर मर चुके हैं। डॉक्टरों ने बताया कि ग्रामीणों ने दीपावली से पहले दवा ली थी, लेकिन उसके बाद किसी ने पुनः उपचार नहीं कराया, जिससे संक्रमण बढ़ गया। डॉ. अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सफाई की कमी और समय पर दवा न देने से बीमारी तेजी से फैली है। उन्होंने ग्रामीणों को चेताया कि बस्ती में स्वच्छता बनाए रखें, सुअरों को समय पर दवा दें और लक्षण दिखने पर तुरंत संपर्क करें। मौके पर ग्राम प्रधान रविन्द्र यादव सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।