ग्रामीणों ने रानी की सराय स्टेशन पर सभी ट्रेनों के ठहराव समेत आठ सूत्रीय मांग पत्र सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ को सौंपा। मांग किया कि इस स्टेशन को सिटी स्टेशन घोषित किया जाए। ताकि यहां के लोगों को रेलवे की बेहतर सुविधा मिल सके। ग्रामीणों ने कहा यदि हमारी मांग पूरी नहीं होगी तो हम आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि रानी की सराय रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव नहीं होता है। जिससे आमजनता को आवागमन में परेशानी होती है। इसलिए यहां के स्टेशन को सिटी स्टेशन बनाया जाए। लालगंज, मेंहनगर, निजामाबाद व आंशिक रूप से सदर विधानसभा के लोग यहां से ही यात्रा करते हैं। इतना ही नहीं शीतला धाम निजामाबाद, दत्तात्रेय, अवंतिकापुरी धाम के लिए भी लोग यहां से यात्रा करते हैं। आठ सूत्रीय मांग पत्र में रानी की सराय में सिटी स्टेशन बनाए जाने, सभी ट्रेनों का ठहराव, फुट ओवर ब्रिज, प्लेटफार्म ऊंचा करने, टिकट आरक्षित कोटा निर्धारित करने, रेलवे स्टेशन का सुंदरीकरण कराए जाने, रेलवे स्टेशन फाटक से चकसेठवल गांव में आनेजाने के लिए रास्ता व रानी की सराय से एक पैसेंजर ट्रेन चलाने की मांग की है। मांग करने वालों में अजय कुमार सैनी, शारदा जयसवाल, राधेश्याम यादव, दुर्गेश, महेंद्र, हरेंद्र, अमन जायसवाल, अमित, बृजेश सोनकर, सुभाष चंद जायसवाल व रामशुमेर समेत आदि शामिल रहे।