हरैया ब्लाक के रोशनपुर में खड़ंजा को उखाडें जाने पर प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़ जिले के हरैया ब्लाक के ग्राम सभा रोशनगंज नई बस्ती (अनुसूचित बस्ती) के ग्रामीणों ने मंगलवार को खड़ंजा उखाड़ने का आरोप लगाते हुए विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने निवर्तमान प्रधान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
ग्रामीणों का आरोप है कि निवर्तमान प्रधानपति राम बचन यादव उर्फ बिजली यादव ने सीसी रोड बनाने के नाम पर 12 वर्ष पूर्व लगा खड़ंजा जो सरकारी धन से लगा था उसे उखाड़ दिया। आरोप है कि खड़ंजा उखाड़े चार माह से अधिक हो गए हैं लेकिन अभी तक उसे नहीं बनाया गया है। जबकि निवर्तमान प्रधानपति ने कहला था कि इस मार्ग को सीसी रोड या डमरू बिछाया जाएगा। इस पर करीब 15 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। करीब 582 मीटर लंबा यह मार्ग है। इसे बनवाने के लिए पिछले चार माह से चक्कर लगा रहे लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। अखिलेश चंद, राधिका, द्रोपति, अरविंद, पवित्रा, बालचंद, राधेश्याम, सुग्रीव, सोनमती, उर्मिला व प्रियंका सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे।