गम्भीरपुर थाना पर समाधान दिवस के दौरान एनएचआई पर कार्यवाही की मांग करते रसूलपुर माफी की ग्रामीण?
- फोटो : AZAMGARH
बिंद्राबाजार। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर स्थित रसूलपुर माफी गांव के सैकड़ों ग्रामीण शनिवार को समाधान दिवस पर प्रदर्शन किया। तहसीलदार को ज्ञापन देकर एनएचआई पर मनमानी करने का आरोप लगाया।
ग्रामीणों ने समाधान दिवस पर तहसीलदार को बताया कि विगत दो वर्षों से बरसात के पानी से पूरा गांव डूब जाता है। लोगों के घरों में पानी घुस जाता है। यही हाल में विद्युत उपकेंद्र मुहम्मदपुर का भी है। घुटने भर पानी में लोगों को आवागमन करना पड़ता है। जबसे हाइवे का निर्माण हुआ है तबसे यह समस्या खड़ी हुई है। पहले यहां तीन पुलिया थीं जिसके सहारे बरसात का पानी गांगी नदी में जाता था। हाइवे बनाने के दौरान एनएचआई द्वारा सिर्फ एक पुलिया बनाई गई है। इसके चलते गांवों में बरसात का पानी जमा हो जाता है। दो वर्षों से इसकी शिकायत लगातार अधिकारियों से की जा रही है लेकिन अब तक इस समस्या का समाधान नहीं किया जा सका है। पहले लोगों ने काम रूकवाने का प्रयास किया लेकिन जब समाधान दिवस पर तहसीलदार के मौजूदगी की सूचना मिली तो वह वहीं पहुंच गए। गायत्री कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर अशोक तथा यस पीएम राजगोपाल रेड्डी ने बताया कि फिलहाल ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए हम कंपनी के डायरेक्टर से बात करेंगे। उनके अगले निर्देश तक काम को रोके रखा जाएगा। मेंहनगर तहसीलदार सर्वेश कुमार सिंह गौर एवं थाना प्रभारी ज्ञानू प्रिया के आश्वासन पर प्रदर्शन करने वाले वापस चले गए। इस मौके पर प्रधान रामाशंकर यादव, रविंद्र गुप्ता, उमेश यादव, कैलाश यादव, रामकेश,शिवप्रसाद, पार्वती, सावित्री आदि उपस्थित थे।