अंबारी। सरकारी राशन के कालाबाजारी की कवायद अभी भी जारी है। बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने एक कोटेदार के यहां से कालाबाजारी के तहत खरीद कर पिकअप से ले जाए जा रहे राशन को पकड़ा और सूचना पुलिस को दी। ग्रामीणों ने पूर्ति निरीक्षक की मदद से राशन की कालाबाजारी करने का कोटेदार पर आरोप लगाया है। वहीं पुलिस व तहसील प्रशासन जांच पड़ताल में जुटा हुआ है।
दीदारगंज थाना क्षेत्र के लारपुर बक्सू गांव के सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान है। बृहस्पतिवार को कोटेदार के यहां 22 बोरी गेेंहू व 22 बोरी चावल एक पिकअप पर लादी गई। जिसे लेकर पिकअप चालक गुफरान निवासी कुसवा थाना दीदारगंज जैसे ही गांव के बाहर निकला। ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। ग्रामीणों द्वारा तत्काल सरकारी राशन के कालाबाजारी की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बरामद राशन मय पिकअप व चालक थाने ले आई। पूर्ति निरीक्षक मिथिलेश कुमार सिंह थाने पहुंचे और पकड़े गए राशन की जांच किया। इस दौरान ग्रामीण भी मौके पर जुटे रहे। ग्रामीणों ने पूर्ति निरीक्षक पर आरोप लगाया कि वह कोटेदार को बचाने के लिए लीपापोती कर रहे है। जबकि पिकअप चालक गुफरान ने पुलिस को यह लिखित रुप से दे दिया है कि उसने कोटेदार से उक्त राशन खरीद कर घर ले जा रहा था। एसओ दीदारगंज संजय कुमार सिंह ने बताया कि जांच-पड़ताल चल रही है। कालाबाजारी की पुष्टि होने पर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।