प्रधानी का ताज सिर पर सजते ही हर ओर न सिर्फ विजय जुलूस निकाला गया बल्कि जमकर अबीर गुलाल भी उड़े। जीत की खुशी में प्रत्याशी और समर्थक हुड़दंग मचाते हुए प्रमुख मार्गों पर अबीर गुलाल उड़ाते चले। जिसके चलते मार्ग पर यातायात अवरुद्ध रहा।
पंचायत चुनाव की गणना के लिए सभी ब्लाक मुख्यालय पर स्थित विद्यालयों को केंद्र बनाया गया था। चुनाव परिणाम निकला तो विजयी प्रत्याशियों के समर्थक अपने आप को रोक नहीं सके और ढोल ताशों के संग विजयी जुलूस निकाला।
हालांकि चुनाव आयोग ने जिला प्रशासन को विजयी जुलूस को रोकने की हिदायत दी थी। लेकिन उत्साहित प्रत्याशियों और समर्थकों पर जीत का जुनून देख वह उन्हें रोकने की हिम्मत नहीं जुटा सके। नतीजा यह रहा कि समर्थक ढोल ताशों पर खूब झूमें।
पल्हनी : पल्हनी ब्लाक की गणना के लिए शहर के डीएवी कालेज को केंद्र बनाया गया था। जैसे ही कोई भी प्रत्याशी चुनाव जीतकर बाहर निकलता।
बाहर इंतजार में खड़े समर्थक ढोल, तासा बजाकर अभिनंदन करने के बाद अबीर-गुलाल उड़ाते हुए घर के लिए चल देते। भीड़ के चलते बाजार में जाम की स्थिति पैदा हो गई।
बिंद्रा बाजार : मुहम्मदपुर बाजार से सटे कालेज में गणना होने की वजह से समर्थकों की भीड़ और गाड़ियों का रेला बाजार में उमड़ पड़ा था। जिससे आजमगढ़-वाराणसी-जौनपुर मार्ग बाधित रहा। यहां घंटों जाम के झाम से जूझने के बाद गाडिय़ां निकल रही थी।
गोसाई की बाजार : लालगंज बाजार से सटे लालगंज इंटर कालेज में मतगणना होने की वजह से पूरी भीड़ भीरा मोड़ पर उमड़ पड़ी थी। जिससे इधर से वाहनों का गुजरना दूभर था।
इन स्थानों पर लोगों को उस वक्त ज्यादा मशक्कत करनी पड़ी थी। जब जीत के बाद कोई भी प्रत्याशी जुलूस के रूप में समर्थकों के साथ सड़क पर आ जाता था। जिससे शोर बढ़ जा रहा था।