आजमगढ़। कोरोना टीकाकरण के लिए जिले में चिन्हित सभी नौ प्राइवेट टीकाकरण केंद्रों पर अब टीकाकरण नहीं होगा। यहां के लिए एलाट किए गए टीके को स्वास्थ्य विभाग ने अपनी कस्टडी में ले लिया है। शासन के निर्देश पर यह कवायद की गई है। सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि जिले में कुल नौ प्राइवेट अस्पतालों को भी टीकाकरण की अनुमति प्रदान किया गया था। यहां पर निर्धारित शुल्क पर टीकाकरण कराया जा रहा था। 45 प्लस के टीकाकरण के तहत इन केंद्रों पर टीकाकरण आयोजित हुआ था। टीकाकरण केंद्र के रुप में चिन्हित अस्पतालों में शांति नर्सिंग होग, वेदांता अस्पताल, प्रकाश नर्सिंग होम, आनंद अस्पताल समेत कुल नौ प्राइवेट अस्पताल शामिल थे। अब इन सभी केंद्रों को बंद करने का निर्देश स्वास्थ्य महकमे ने जारी कर दिया है। इसके साथ ही यहां एलॉट किए गए टीको को भी सरकारी वैक्सीन कक्ष में जमा करा दिया गया है।