अहरौला। कप्तानगंज-अहरौला मार्ग पर मड़ना मुबारकपुर गांव के पास नहर पर पुराने जर्जर पुल को तोड़कर सिंचाई विभाग ने साल भर पहले नए पुल का निर्माण करा दिया। गलत तरीके से बनने के कारण इस पुल पर अक्सर हादसे हो रहे हैं। पुल को सड़क मार्ग से लगभग चार फीट की ऊंचाई पर बनाया गया है। पुल के दोनों छोर पर पुल का किनारा आधा फुट ज्यादा ऊंचा है, जिससे वाहन चालक टकरा जाते हैं। बड़े वाहन तो किसी तरह पार हो जाते हैं लेकिन बाइक और साइकिल सवार टकराकर गिर जाते हैं। स्थानीय निवासियों ने बताया कि सिंचाई विभाग के अधिकारी पुल का निरीक्षण आए थे तो उनका ध्यान इस ओर दिलाया गया तो उन्होंने इसे दुरुस्त कराने की बात कही थी लेकिन किया कुछ नहीं। ओमप्रकाश यादव ने बताया कि पुल के दोनों छोरों पर उतार-चढ़ाव की व्यवस्था ठीक नहीं है, जिससे गाड़ियां लड़ जाती हैं। अक्सर बाइक या साइकिल सवार पलट भी जाते हैं। कमलेश राजभर ने कहा कि अक्सर यहां किसी भी वाहन को चढ़ाने में दिक्कत होती है। कोमल प्रजापति के साइकिल सवारों को उतर कर चढ़ना और उतरना पड़ता है जो इस बात को नहीं जानते हैं वे हादसे का शिकार हो जाते हैं। हरिहर राय ने कहा कि वाहनों को अटकने के कारण हम लोगों ने पुल के दोनों ओर ईंटों की टुकड़ी डाल दी है लेकिन इससे भी काम नहीं बन रहा।