आजमगढ़। स्वास्थ्यकर्मी नहीं होने के बावजूद एक व्यक्ति ने टीकाकरण करा लिया। अमर उजाला में इसकी खभर प्रकाशित होने के बाद सीएमओ ने महिला अस्पताल की प्रभारी सीएमएस को नोटिस जारी किया है। उनसे तीन दिनों में स्पष्टीकरण मांगा गया है।
फिलहाल कोरोना टीकाकरण अभियान स्वास्थ्यकर्मियों के लिए चल रहा है। कोविड-19 पोर्टल पर पहले से ही टीकाकरण कराने वालों की सूची दी गई है। जिले में 16089 लोग पंजीकृत है। बृहस्पतिवार को एक व्यक्ति जो स्वास्थ्यकर्मी नहीं है, उसने भी महिला अस्पताल में टीकाकरण करा लिया। उसने सोशल मीडिया पर टीकाकरण कार्ड भी पोस्ट कर दिया। सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने स्वयं बताया कि महिला अस्पताल की प्रभारी सीएमएस को नोटिस जारी कर तीन दिनों में स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जिस व्यक्ति ने फर्जी तरीके से टीका लगवाया है वह एक प्राइवेट अस्पताल के स्टाफ के साथ आया था। उसी अस्पताल का स्टाफ बता कर उसने टीकाकरण कराया है। सारी गड़बड़ी प्राइवेट अस्पताल प्रशासन की है। जांच कराई जा रही है, जल्द ही सीएमओ को आख्या प्रेषित कर दी जाएगी।
डॉ. अमिता अग्रवाल, प्रभारी सीएमएस, जिला महिला अस्पताल, आजमगढ़।
महिला अस्पताल बूथ की नोडल व प्रभारी सीएमओ को नोटिस देकर तीन दिनों में स्पष्टीकरण मांगा गया है। उनका स्पष्टीकरण आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। कोविड-19 पोर्टल में कोई सेंधमारी नहीं हुई है।
डॉ. एके मिश्रा, सीएमओ, आजमगढ़।