शहर कोतवाली क्षेत्र के सरायमंदराज गांव निवासी एक व्यक्ति के घर में नीम के पेड़ के सहारे घुसे चोर महिला को घायल कर करीब दो लाख के आभूषण चुरा ले गए।
घटना की जानकारी होने पर परिवार के लोगों ने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया साथ ही पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौका मुआयना के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
सरायमंदराज गांव निवासी रामवृक्ष यादव ट्रैक्टर मैकेनिक हैं। उन्होंने घर के पास ही दूकान खोल रखी है। गुरुवार की रात रामवृक्ष दूकान के गैैराज में सोए हुए थे। जबकि बहू रीना (22) पत्नी शिवशंकर और छोटा पुत्र अमित यादव भवन के दूसरे तल पर स्थित कमरे में सोए थे।
रात करीब एक बजे रीना की नींद खुली। इस दौरान उसने अपने कमरे के बगल वाले कमरे में मौजूद एक व्यक्ति को देखा। जब तक वह कुछ बोल पाती, कमरे में मौजूद चोर ने रीना को देख लिया और तमंचा निकालकर उसकी कनपटी पर सटा दिया।
चोर रीना को अपने साथ लेकर छत पर पहुंचा। जहां उसका एक और साथी मौजूद था। दोनों मकान से सटे नीम के पेड़ के सहारे छत से नीचे उतरे और फरार हो गए।
भागने से पूर्व चोरों ने तमंचे कीमुठिया से रीना के सिर पर प्रहार कर उसे घायल कर दिया। घायल रीना को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। शहर कोतवाल सारंगधर द्विवेदी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर मिली है। पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।