कप्तानगंज। महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के कुंभवट गांव में सोमवार की रात मां की डांट से क्षुब्ध एक किशोर ने कमरे में रस्सी के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कुंभवट गांव निवासी हरिवंश यादव ने बताया कि बेटे आदित्य (15) को सोमवार की शाम उसकी मां ने शरारत करने पर डांट लगाई थी। रात में वह भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। मंगलवार की सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर रोशनदान से झांककर देखा गया तो आदित्य का शव फंदे से लटका मिला। किसी तरह दरवाजा खोलकर शव को बाहर निकाला। आशंका है कि बेटे ने मां की डांट से नाराज होकर खुदकुशी कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आदित्य दो बहनों के बीच इकलौता भाई था। हरिवंश यादव दोनों पैरों से दिव्यांग हैं। बेटे की मौत से मां शीला का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में इस घटना के बाद शोक की लहर है।