बलरामपुर। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के सिवनिहवा बाबा मोड़ के पास बृहस्पतिवार को हुए सड़क हादसे में घायल अधेड़ की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उधर, परिजन चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। शव को जिला अस्पताल के गेट पर रखकर प्रदर्शन करने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। परिजनों का आरोप है कि चिकित्सक ने गलत तरीके से सुई लगाई। जिसके कारण उनके मरीज की मौत हो गई।
बिलरियागंज थाना क्षेत्र के भलुवाई गांव निवासी बौछारी सोनकर (55) पुत्र स्व. बाढू बृहस्पववार को बाजार गया था। उधर से वह वापस लौट रहा था। जैसे ही वह सिवनिहवा बाबा मोड़ के पास पहुंचा था तभी चार पहिया वाहन ने धक्का मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे पास के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। मरीज को भर्ती कर वार्ड में ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सक पर आरोप लगाया कि चिकित्सक द्वारा गलत तरीके से सुई लगाई गई जिससे बौछारी सोनकर की मौत हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को सड़क पर नहीं ले जाने दिया। इसके बाद परिजन अस्पताल के अंदर जाने वाले मार्ग पर बीच में शव रख दिया। पुलिस परिजनों को समझाने में जुटी हुई है।