आजमगढ़। नरौली चौराहे पर बुधवार की रात डीजे बजाने के विवाद को लेकर दो पक्ष के लोग आमने सामने आ गए। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर ईंट पत्थर चले। जिससे एक पुलिस कर्मी समेत चार लोग घायल हो गए। इस मामले में पुलिस आठ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। कृष्ण जन्माष्टमी पर नरौली मोहल्ले में कई स्थानों पर मूर्ति की स्थापना की गई थी। बुधवार की रात मूर्तियों का विसर्जन हो रहा था। हर वर्ष की भांति नरौली तिराहे पर जब सोनकर और चौहान बस्ती की मूर्तियां पहुंची तो उनके बीच डीजे का मुकाबला शुरू हो गया। देखते ही देखते यह मुकाबला मारपीट में तब्दील हो गया। मारपीट के बाद कुछ ही देर में दोनों पक्षों में ईंट पत्थर चलने लगे। जिससे नरौली तिराहे पर अफरा तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस बवाल को शांत कराने पहुंची पुलिस पर भी उपद्रव कर रहे लोगों ने पत्थर बरसाना शुरू कर दिया। जिससे चार लोग घायल हो गए। मारपीट की इस घटना के दौरान एक सिपाही सर्वेश कुमार गौड़ भी घायल हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची सिधारी पुलिस आठ लोगों को हिरासत में लेकर थाने आई। सूचना मिलते ही सीओ सिटी गौरव शर्मा भी मौके पर पहुंच गए। नगर कोतवाली पुलिस को भी मौके पर बुला लिया गया।
मीडिया कर्मियों के साथ भी पुलिस ने की अभद्रता
आजमगढ़। बवाल के दौरान नगर के चौक क्षेत्र से कुछ युवा डीजे का मुकाबला देखने के लिए पहुंचे थे। उन्हें भी पकड़कर पुलिस थाने ले आई। इसमें कुछ एक मीडिया कर्मियों के भाई भी थे। जब एक मीडिया कर्मी अपने भाई को छुड़ाने के लिए थाने में पहुंचा तो पुलिस द्वारा उसे भद्दी-भद्दी गालियां दी गईं और मोबाइल को छीनने का भी प्रयास किया गया। जिसकी शिकायत मीडिया कर्मी द्वारा सीओ सिटी से की गई तो उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन देकर मामले को रफा-दफा कर दिया।
मूर्ति विसर्जन के दौरान नाचने को लेकर कुछ लोगों ने आपस में विवाद किया था। ईंट पत्थर भी चलाए थे। इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। रही बात मीडिया कर्मियों के साथ बदसलूकी की तो उसकी जांच मेरे द्वारा की जा रही है, जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गौरव शर्मा, सीओ सिटी।