शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। वांगजुक जैसे देशभक्त को केवल अपनी मांग उठाने के लिए जेल भेज दिया गया और रासुका जैसी गंभीर धाराएं लगाई गईं। बरेली में निर्दोषों पर कार्रवाई हो रही है और सपा प्रतिनिधिमंडल को असंवैधानिक तरीके से रोका जा रहा है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे आगामी 2027 के चुनाव में सपा को मौका दें, ताकि अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा सरकार बन सके।
उन्होंने कहा कि भाजपा हिंदू-मुस्लिम, मंदिर-मस्जिद, और सांप्रदायिक मुद्दों के जरिए देश को बांटकर सत्ता में बने रहना चाहती है। ये लोग वोट कटवाने की भी राजनीति कर रहे हैं। यहां तक कि सुप्रीम कोर्ट जैसी संस्था में बैठे सीजेआई पर जूता फेंका जाता है, यह देश की संवैधानिक मर्यादा का अपमान है।शिवपाल यादव ने कहा कि कुश्ती गांव-गिरांव का परंपरागत खेल है और सपा की सरकार बनने पर इसे आगे बढ़ाने के लिए विशेष योजना बनाई जाएगी।
दंगल प्रतियोगिता में गोरखपुर, वाराणसी, सैफई, फिरोजाबाद, बलिया, अयोध्या सहित कई जिलों से महिला व पुरुष पहलवानों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन पवन पहलवान ने किया। इस मौके पर सांसद दरोगा प्रसाद सरोज, विधायक डॉ. संग्राम यादव, विधायक नफीस अहमद, अखिलेश यादव, चंद्रशेखर यादव, पूर्व विधायक सुभाष राय, हरिकेश यादव आदि उपस्थित थे।