पुलिस को सूचना मिली थी कि लूट में शामिल बदमाश किसी अन्य वारदात की तैयारी में हैं। तियरा मोड़ पर चेकिंग के दौरान पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए।
घायल बदमाशों में जौनपुर जनपद के चंदवक थाना क्षेत्र के अवहदपुर गांव निवासी सतेंद्र यादव व मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के चिउटहरा गांव निवासी सतीश शामिल हैं। वहीं, गिरफ्तार आरोपियों में मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र के विनैकी गांव निवासी अभय, खुम्हादेवरी गांव निवासी जयहिंद यादव व नोनीपुर उर्फ नईकोट गांव निवासी आशुतोष सिंह शामिल हैं।
रेकी कर बैग छीनने के बाद बाइक से फरार हुए थे आरोपी
पंजाब नेशनल बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र संचालक शाह आलम से की गई लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घायल व गिरफ्तार आरोपी सतेंद्र यादव उर्फ अमित यादव और उसका साथी सतीश ने पूछताछ में पूरी साजिश का पर्दाफाश किया।
आरोपियों ने बताया कि उनके साथी नौनीपुर उर्फ नई कोट निवासी आशुतोष सिंह और खुम्हादेवरी गांव निवासी जयहिंद यादव ने जानकारी दी थी कि शाह आलम रोजाना मेहनाजपुर बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक ग्राहक सेवा केंद्र से बड़ी रकम लेकर बाइक से आता-जाता है।
योजना के अनुसार सतेंद्र यादव और उसके साथी अभय रत्न ने एक सितंबर 2025 को शाह आलम की रेकी की। मौका पाकर वे उसका बैग छीनकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकले। थोड़ी दूर पर बाइक लेकर खड़े अभय रत्न के साथ बैठकर आरोपी फरार हो गए।
आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास
पंजाब नेशनल बैंक ग्राहक सेवा केंद्र संचालक शाह आलम से हुई लूट का पुलिस ने खुलासा करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास खंगालने पर पुलिस के हाथ चौंकाने वाले तथ्य लगे हैं। इनमें से कई आरोपी हत्या, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में पूर्व से जेल जा चुके हैं।
सतेंद्र यादव उर्फ अमित यादव पर हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत छह मुकदमा दर्ज है। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के चिउटहरा गांव निवासी सतीश पर मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट सहित चार मुकदमे दर्ज है। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के नोनीपुर उर्फ नईकोट गांव निवासी आशुतोष सिंह ने के खिलाफ एक मुकदमा, खुम्हादेवरी गांव निवासी जयहिंद यादव पर एक मुकदमा व बिनेकी गांव निवासी अभय रत्न पर एक मुकदमा दर्ज हुआ है।