आजमगढ़। यूपी बोर्ड परीक्षा के तीसरे दिन शनिवार को पहली पाली में हाईस्कूल व इंटर की दोनों की परीक्षाएं हुईं। वहीं शाम के समय सिर्फ इंटरमीडिएट की परीक्षा हुई। पहली पाली में हाईस्कूल की गृह विज्ञान व इंटर में उर्दू की परीक्षा हुई। शाम के समय इंटर में लेखाशास्त्र की कुल 43 केंद्रों पर 461 बच्चों ने परीक्षा दी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से तीसरे दिन भी परीक्षाएं हुई। हाईस्कूल में पहली पाली में 279 केंद्रों पर पंजीकृत 24716 बच्चों में मात्र 19581 छात्रों ने परीक्षा दी। जबकि 5135 ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं 126 केंद्रों पर इंटर में पंजीकृत 2193 छात्रों में 1678 ने परीक्षा दी। 515 ने परीक्षा से किनारा कर लिया। शाम की पाली में 43 केंद्रों पर पंजीकृत 500 अभ्यर्थियों में से 461 ने परीक्षा दी। जबकि 39 ने परीक्षा छोड़ दी। इस बीच अधिकारी क्षेत्र का भ्रमण करते रहे। इस दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं मिली। यूपी बोर्ड परीक्षा होने के बाद छात्रों की उत्तर पुस्तिकाएं जीजीआईसी आजमगढ़ में रखी गई हैं। वहां अव्यवस्थाओं का टोटा है। खिड़कियां टूटी पड़ी हैं। यहां तक की आग से निपटने के लिए यहां कोई व्यवथा नहीं है। यदि आग लगी तो सभी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाएं जलकर खाक हो जाएंगी।इससे छात्रों का भी भविष्य खतरे में नजर आ रहा है।