आजमगढ़। शिक्षा क्षेत्र फूलपुर के पूक (पुष्पनगर) स्थित परिषदीय विद्यालय में शुक्रवार को आयोजित परीक्षा के दौरान झाड़ू लगाने के मामले को डीएम ने संज्ञान में लिया है। उन्होंने मामले की जांच बेसिक शिक्षा अधिकारी को सौंपी है। जांच में दोषी पाए जाने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस खबर को अमर उजाला ने शनिवार को प्रकाशित अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खंड शिक्षा क्षेत्र फूलपुर के पूक (पुष्पनगर ) स्थित परिषदीय विद्यालय में शुक्रवार से परीक्षा शुरू हुई। वहीं परिसर की साफ सफाई के लिए कोई व्यवस्था न होने के कारण विद्यालय के छात्र-छात्राओं को हाथों में झाड़ू पकड़ा कर पूरे परिसर की साफ सफाई कराई जा रही थी। इस दृश्य को अमर उजाला की टीम ने अपने कैमरे में कैद कर लिया। इसे शनिवार की अंक में पेज नंबर दो पर ‘परीक्षा के दिन विद्यालय में झाड़ू लगाते दिखे बच्चे’ के शीर्षक से प्रकाशित किया था। जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी ने इसे गंभीरता से लिया और मामले की जांच जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अतुल कुमार सिंह को सौंप दी। उन्होंने सख्त निर्देश दिए है कि यदि इस मामले में कोई दोषी पाया जाता है तो संबंधित के विरूद्घ कठोर कार्रवाई की जाएगी।