आजमगढ़। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के बोर्ड परीक्षाओं के कापियों का मूल्यांकन आज से शुरू हो रहा है। लॉकडाउन के दौरान मूल्यांकन शुरू किए जाने का शिक्षक संगठन विरोध कर रहे है। इसके बाद भी शासन व बोर्ड के दिशा निर्देशों के अनुरूप माध्यमिक शिक्षा विभाग ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली है। सभी मूल्यांकन केंद्रों को सैनिटाइज कराने के साथ ही अन्य तैयारियों को भी सोमवार की शाम ही पूर्ण कर लिया गया।
डीआईओएस डॉ. वीके शर्मा ने बताया कि जिले में डीएवी व इंटर कालेज सठियांव पर हाईस्कूल की और शिब्ली व जीजीआईसी पर इंटरमीडिएट की कापियां जांची जाएंगी। मैंने स्वयं सभी केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। सभी केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में मास्क के साथ ही सैनिटाइजर आदि की व्यवस्था भी करा दी गई है। कोठार से कापियों का बंडल सैनिटाइज करने के बाद ही शिक्षकों को दिया जाएगा। वहीं मूल्यांकन के लिए केंद्रों पर उतने ही शिक्षकों को बुलाया जा रहा है, जितने कम से कम दो मीटर की दूरी बनाते हुए बैठ सके। मूल्यांकन केंद्रों पर भीड़ न लगे इसके लिए अनाधिकृत लोगों का प्रवेश पूरी तरह से वर्जित रहेगा।