शिक्षकों के धरने का संबोधित करते मंडल प्रभारी नागेंद्र कुमार। श्रोत-संगठन
माध्यमिक शिक्षक संघ (एकजुट) के बैनर तले मंगलवार को शिक्षकों ने लंबित 25 सूत्री मांगों को लेकर डीआईओएस कार्यालय परिसर में धरना दिया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीआईओएस को सौंपा।
प्रदेश मंत्री बिरजू सरोज ने कहा कि शिक्षकों को अपनी उपलब्धियों को बचाने और लंबित समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट रहकर संघर्ष करना होगा। सरकार पुरानी पेंशन बहाल करे। शिक्षकों के चयन/प्रोन्नत वेतनमान का समयबद्ध निर्धारण किया जाए।
प्रदेश महामंत्री राजीव यादव ने कहा कि जितने भी आंदोलन हुए, उनकी सफलता की मात्र एक वजह रही कि पीड़ितों ने अपने हक के लिए संघर्ष किया। उन्होंने ऑनलाइन स्थानांतरण, वित्तविहीन शिक्षकों को सेवा सुरक्षा व मानदेय, प्रधानाचार्य पदों पर शीघ्र नियुक्ति, एरियर का समय से भुगतान और सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करने की मांग की।
मंडल प्रभारी नागेंद्र कुमार ने कहा कि यदि लंबित मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो शिक्षक हितों के लिए आंदोलन और तेज किया जाएगा। जिलाध्यक्ष सुशील कुमार ने एनपीएस से ओपीएस में परिवर्तित शिक्षकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष विजय लक्ष्मी मिश्रा ने महिला शिक्षकों के अधिकारों के लिए संघर्ष की आवश्यकता पर बल दिया। धरने में जिला मंत्री विनय यादव, डॉ. केशवराम वर्मा, राजाराम, डॉ. रामजनम दूबे, सुभाष यादव, जावेद अहमद आदि मौजूद थे।