आजमगढ़। डीएम राजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में शासन के विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों और निर्माण कार्यां की माह अगस्त की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान डीएम ने पीडब्ल्यूडी के प्रांतीय खंड, निर्माण खंड और निर्माण खंड-5 के एक्सईएन को निर्देश दिए कि अभी भी जिन नई सड़कों का निर्माण, चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण करना बाकि है, उसे प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराएं।
सेतु निगम के एक्सईएन को घाघरा नदी पर गोला बाजार मार्ग के लिए निर्माणाधीन सेतु को जल्द से जल्द पूर्ण कराने को कहा गया। जिला पंचायत, मंडी परिषद और निर्माण खंड 2, 5 के एक्सईएन को निर्देश दिए कि अभी भी जिन सड़कों पर गड्ढ़े हैं, उसे जल्द से जल्द गड्ढ़ा मुक्त कराएं। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के 47 स्वास्थ्य केन्द्र, इसमें 20 पैक्सफेड के और 27 लैकफेड की ओर से बनाए जा रहे हैं। जितने भी स्वास्थ्य केन्द्र अभी भी अपूर्ण हैं, उसे जल्द से जल्द पूर्ण करने के लिए निर्देश दिए। 50 लाख से अधिक लागत की अधूरी परियोजनाओं को भी पूर्ण कराने को कहा गया। कहा कि गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सीडीओ आनन्द कुमार शुक्ला, सीआरओ हरी शंकर, एडीएम प्रशासन नरेन्द्र सिंह, एडीएम फाइनेंस गुरू प्रसाद, सीएमओ डॉ. एके मिश्रा, डीसी एनआरएलएम बीके मोहन, डीडीओ रवि शंकर राय, पीडी अभिमन्यु सिंह, जिला कृषि अधिकारी डॉ. उमेश कुमार गुप्ता आदि थे।
पेंशनार्थियों के खाते में भेजी गई धनराशि
आजमगढ़। वृद्धावस्था, निराश्रित महिला, दिव्यांगजन पेंशन योजना के सभी पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में एडवांस पेंशन की धनराशि भेज दी गई है। जनपद में वृद्धावस्था पेंशन योजना के अन्तर्गत कुल 90361 लाभार्थी हैं। इनको प्रति लाभार्थी 500 रूपये प्रतिमाह दिया जाता है। पात्र वृद्धजनों को 500 रुपये प्रतिमाह की दर से त्रैमासिक पेंशन संबन्धित लाभार्थी के खातों में भेज दी गई है। निराश्रित एवं विधवा पेंशन योजनांतर्गत 40020 पेंशनार्थियों के खातों में 500 रुपये प्रतिमाह की दर से त्रैमासिक पेंशन भेजी गई है। 31853 पात्र दिव्यांगजनों को 500 रुपये प्रतिमाह की दर से त्रैमासिक पेंशन संबन्धित लाभार्थी के खातों में भेजी गई है।