महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक (यूजी) एवं परास्नातक (पीजी)
चक्रपानपुर। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय में शैक्षिक सत्र 2026-27 के स्नातक व परास्नातक विषयों में प्रवेश के लिए बुधवार से काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले दिन सुबह से ही विश्वविद्यालय परिसर में अभ्यर्थियों की भीड़ रही। मेरिट सूची के अनुसार अभ्यर्थियों के मूल प्रमाण-पत्रों का सत्यापन किया गया।
उन्हें प्रवेश प्रक्रिया की आगामी औपचारिकताओं की जानकारी दी गई। पहले दिन बीएससी, बीएफए, एमए (समाजशास्त्र, हिंदी, संस्कृत, अंग्रेजी व इतिहास), एमकॉम, एमबीए और एमएससी (कंप्यूटर साइंस) सहित अन्य विषयों के अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग हुई। कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय में स्नातक व परास्नातक विषयों की प्रवेश काउंसिलिंग शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय का प्रयास है कि प्रवेश प्रक्रिया पूर्णतः मेरिट आधारित, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से हो। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे अपने निर्धारित काउंसिलिंग दिवस पर सभी मूल प्रमाण-पत्रों व उनकी छायाप्रतियों के साथ समय से उपस्थित हों, ताकि प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो। संवाद