निजामाबाद थाना के असीलपुर पेट्रोल पंप के पास पलटी अनियंत्रित कार, लोगों की भीड़।
- फोटो : AZAMGARH
फरिहां। निजामाबाद थाना क्षेत्र के असीलपुर पेट्रोल पंप के समीप शुक्रवार की सुबह आठ बजे सीखते समय अनियंत्रित कार पलट जाने से पांच लोग गंभीररूप से घायल हो गए। स्पीड अधिक होने की वजह से कार हवा में उछलते हुए दूर जाकर पलट गई। इस हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। सभी को स्थानीय अस्पताल लाया गया जहां से डॉक्टरों ने उन्हें हॉयर सेंटर रेफर कर दिया। कार के भी परखच्चे उड़ गए है।
निजामाबाद के खुदादादपुर गांव के रहने वाले पांच युवक मो. अकमल (20) पुत्र शोएब, शारिक, फरहान, ताबिश और इब्राहिम कार में बैठकर इसे चलाना सीख रहे थे। वे खुदादादपुर से फरिहां आए थे। फरिहां से वापस खुदादादपुर लौटते समय असीलपुर पेट्रोल पंप के समीप गाड़ी की स्पीड अधिक होने से कार चला रहे युवक ने नियंत्रण खो दिया। परिणाम स्वरूप कार अनियंत्रित होकर रोड से 25 मीटर दूर जाकर पलट गई। कार में बैठे पांचों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गाड़ी की स्पीड काफी अधिक थी। हवा में उछलते हुए वह दूर जाकर कर पलट गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को गाड़ी से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए फरिहां लाया गया। जहां डॉक्टर ने सभी की हालत गंभीर देख हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।