जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मोलनापुर गोडारी गांव के पास बाइक सवार टहल रहे व्यक्ति को टक्कर मार कर पलट गया। सामने से आ रही रोडवेज बस से बचने के चक्कर में बाइक सवार अनियंत्रित हो गया था। इस हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। वहीं टहल रहा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से उसे रेफर कर दिया गया।
जमीन हरखोरी धनछुला गांव निवासी राम प्रसाद यादव (59) शनिवार की सुबह बाइक से आजमगढ़ जाने के लिए निकले थे। अभी वे मोलनापुर गोडारी गांव के पास ही पहुंचे थे कि सामने से आ रही रोडवेज बस से बचने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित हो गई। इसके बाद बाइक सवार सड़क किनारे टहल रहे संतोष यादव निवासी मोलनापुर गोडारी को अपनी चपेट में लेते हुए पलट गया। इस हादसे में बाइक सवार राम प्रसाद के साथ ही टहल रहा संतोष यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को स्थानीय प्राइवेट अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने राम प्रसाद को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल संतोष को हॉयर सेंटर रेफर कर दिया गया। मृतक दो पुत्र व एक पुत्री का पिता था। वे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भियांव राजेसुल्तानपुर जिला आंबेडकरनगर में बतौर सुपरवाइजर तैनात थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।