पवई थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात बहू की विदाई कराकर लौट रहे फूफा की सड़क हादसे में मौत हो गई। जबकि भतीजा घायल हो गया। सूचना पर पहुंच पुलिस ने मौका मुआयना किया और घायल को अस्पताल में भर्ती कराकर परिजनों को हादसे की खबर की।
चकिया गांव निवासी सत्यपाल (46) किसान हैं। मंगलवार की शाम वह ग्राम बोदरा थाना जैतपुर अंबेडकर नगर में बहू की विदाई के लिए गए हुए थे। जहां से देर रात अपने फूफा तिलकधारी 55 निवासी मीरपुर जनपद अंबेडकर नगर के साथ घर लौट रहे थे। रास्ते में अंडिका गांव के पास सर्विस लेन पर सामने से आए अज्ञात वाहन से बाइक भिड़ गई। हादसे में तिलकधारी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सत्यपाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
सुबह राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस व परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे और सत्यपाल काे इलाज के लिए शाहगंज स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। तिलकधारी एक पुत्र के पिता थे। उधर मौत पर परिजन बिलखते रहे।