राडवेज स्थित पिंक शौचालाय के बगल में अवैध रुप से बने दुकान को गिरवाता प्रशासन।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। शहर के रोडवेज क्षेत्र में पिंक शौचालय की आड़ में बनवाए गए दुकान को मंगलवार की शाम एसडीएम सदर व ईओ शुभनाथ प्रसाद के नेतृत्व में नपा की टीम ने ढहवा दिया। वहीं जिसकी दुकान थी, उसने दुकान नगर पालिका द्वारा आवंटित करने और बिना नोटिस ढहवाए जाने का आरोप लगाया है।
आजमगढ़ रोडवेज के सामने नगर पालिका द्वारा रोडवेज की खाली पड़ी जमीन पर पिंक शौचालय का निर्माण कराया गया है। जिस ठेकेदार द्वारा इस शौचालय का निर्माण कराया गया, उसी के द्वारा एक दुकान भी बना ली गई। जिसे नपा प्रशासन द्वारा आवंटित भी करा लिया गया। जांच पड़ताल शुरू हुई, लेकिन ठंडे बस्ते में डाल दी गई। सोमवार को जिलाधिकारी राजेश कुमार रोडवेज पर निरीक्षण के लिए पहुंचे तो पिंक शौचालय के बगल में दुकान निर्माण की शिकायत रोडवेज प्रशासन द्वारा उनसे की गई। जिस पर डीएम ने जांच करा कर कार्रवाई और एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया। डीएम के सख्त रुख को देखते हुए मंगलवार की शाम एसडीएम सदर गौरव कुमार के नेतृत्व में नपा की टीम मौके पर पहुंची और पिंक शौचालय के बगल में निर्मित दुकान को ढहवा दिया। दुकान अनामिका सिंह के नाम से आवंटित था। अनामिका सिंह ने बताया कि नपा प्रशासन ने अनुबंध पत्र भरवा कर बकायदा दुकान आवंटित किया था। ढहवाए जाने के पूर्व कोई नोटिस भी नहीं दिया गया। उसका काफी सामान नुकसान हुआ है। मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है। ईओ शुभनाथ प्रसाद ने बताया कि अनुबंध पत्र के धारा चार में यह स्पष्ट रुप से लिखा होता है कि नपा कभी भी आवंटी का आवंटन रद्द कर सकती है। इसी के तहत यह कार्रवाई करते हुए दुकान को ध्वस्त करवाया गया है। आवंटन हमारे कार्यकाल के पहले का था। वहीं, एसडीएम सदर के नेतृत्व में बवाली मोड़ से अतिक्रमण को भी हटवाया गया। अनाधिकृत रूप से किए गए निर्माण को टीम ने जब्त कर लिया। इस दौरान लोगों ने अभियान का विरोध भी किया।