अमर कारगिल शहीद रामसमुझ यादव की कलाई में राखी बांधती महिला। संवाद
रक्षाबंधन पर शुक्रवार को नत्थूपुर अंजान शहीद स्थित शहीद पार्क में भावुक कर देने वाला दृश्य देखने को मिला। गांव की बहनों ने कारगिल के बलिदानी रामसमुझ यादव की प्रतिमा की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के रिश्ते को अनूठे अंदाज में निभाया।
राखी बांधते समय बहनों ने कहा, ‘मेरा भाई अमर है।’ प्रेमलता (एडवोकेट), हेमलता, प्रेमशीला, उषा यादव, अनीता और गीता यादव ने शहीद रामसमुझ की कलाई पर राखी बांधी। यह पहला मौका था, जब गांव की बहनों ने शहीद को रक्षाबंधन पर राखी बांधी।
बहनों ने कहा कि भाई भले ही आज उनके बीच नहीं हैं, लेकिन देश की रक्षा के लिए दी गई उनकी कुर्बानी ने उन्हें हमेशा के लिए अमर कर दिया। शहीद की याद आते ही आंखें नम हो जाती हैं। बलिदानी के छोटे भाई प्रमोद यादव ने राखी बांधने पहुंची बहनों को उपहार देकर उनका सम्मान किया।