मुबारकपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। दाउतपुर कर्मी गांव निवासी सुमित यादव (26) अपने साथी बृजेश यादव (18) के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। चकसिकठी इस्लामपुर के पास चारपहिया वाहन की टक्कर में सुमित की मौत हो गई, जबकि बृजेश घायल हो गया। पुलिस ने वाहन और चालक को कब्जे में ले लिया है। वहीं सरदारपुर बाबू गांव निवासी विश्वजीत यादव (35) खुजिया बाजार के पास सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। मंडलीय अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुबारकपुर थाना प्रभारी शशि मौली पांडेय ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। संवाद