फरिहां। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा चौकी अंतर्गत बघौरा गांव के पास स्कूल बस व बाइक में टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे जिला अस्पताल भेजा गया लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के समय बस में स्कूली बच्चे सवार थे। फूलपुर कोतवाली के झकहा गांव निवासी ओमकार (22) की मोटर पार्टस की दुकान है। बृहस्पतिवार की सुबह वह अपने एक कर्मचारी मिथिलेश (21) के साथ कोई पार्टस लेने के लिए जिला मुख्यालय बाइक से आया था। सामान लेने के बाद दोनों बाइक से वापस फूलपुर जा रहे थे। निजामाबाद थाना अंतर्गत बघौरा गांव के पास सामने से आ रही निजी स्कूल की बस से बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में ओमकार की मौके पर ही मौत हो गई। मिथिलेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर निजामाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस से अस्पताल भेजवाया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मिथिलेश ने भी दम तोड़ दिया। घटना के समय स्कूल बस में 35 से 40 की संख्या में बच्चे भी सवार थे। इसके बाद भी चालक मौके पर ही बस छोड़ कर भाग गया।