बलरामपुर/लाटघाट। सिधारी व रौनापार थाना क्षेत्र में अलग-अलग रविवार की रात दो युवकों का शव फंदे से लटकता मिला। पुलिस दोनों शवों का पोस्टमार्टम कर वजह जानने में जुटी है।
सिधारी थाना क्षेत्र के हुसैनगंज में आकाश नायक किराये के मकान में 2021 से रहता था। वह और उसका भाई बैग आदि का चेन बनाते थे। रविवार की रात आकाश नायक खाना खाकर दूसरी मंजिल पर अपने कमरे में सोने चला गया। सुबह वह काफी देर तक नहीं जगा तो उसका भाई नरेश उसे जगाने के लिए उसके कमरे की तरफ गया।
जब उसने कमरे की खिड़की से अंदर देखा तो उसका 28 वर्षीय भाई मफलर से लटकते हुए दिखा। भाई ने शोर मचाया तो आसपास के लोग इकट्ठा हुए। सूचना पर पुलिस पहुंची। भाई नरेश ने बताया कि उसकी पत्नी एक साल से अपने मायके में थी। कल रात भी दोनों के बीच फोन पर कुछ विवाद हुआ था। मृतक की एक पुत्री है।
उधर, रौनापार थाना क्षेत्र के कांखभार ग्राम पंचायत के भोजपुर निवासी पिंटू यादव (25) घर से 100 मीटर की दूरी पर आम के पेड़ में गमछे के सहारे संदिग्ध हालत में लटका मिला। सुबह लगभग 5:00 बजे शौच करने गए ग्रामीणों ने आम के सहारे पिंटू का शव लटकते हुए देखा तो शोर मचाया। पिंटू पिता से अलग रह रहा था। वह तीन बहनों में सबसे छोटा था और इकलौता पुत्र था। तीनों बहनों की शादी हो चुकी है। पिंटू की दो पुत्रियां हैं।