दो थाना क्षेत्रों में हुई सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई। जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। सूचना पर पहुुुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। हादसे नरौली स्टैंड और खुझिया बाजार में शनिवार को हुए।
सिधारी थाना क्षेत्र के एकरामपुर गांव निवासी किशन गोंड़ (21) पांच भाईयों में तीसरे नंबर पर था। वह इंटर में पढ़ता था। शुक्रवार को वह अपने पड़ोसी राहुल गोंड़ (20) के साथ जिला मुख्यालय आया था।
रात करीब नौ बजे दोनों मित्र एक बाइक पर बैठकर घर जा रहे थे। नरौली टैक्सी स्टैंड के पास वाराणसी की तरफ जा रही चंदौली डिपो की अनियंत्रित बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मारी।
जिससे दोनों बाइक से छिटक कर सड़क पर गिर गए। बस के पहिए के नीचे आ जाने से कुचल कर किशन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
लोगों ने घायल राहुल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज चल रहा है। उधर घटना के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जबकि बस को कब्जे में ले लिया। एसओ सिधारी रामनरेश यादव ने बताया कि चंदौली डिपो की बस पुलिस के कब्जे में है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
सठियांव संवाददाता के अनुसार, शहर कोतवाली मऊ के पुरानी मंडी निवासी अनिल कुमार (30) शनिवार की शाम अपने मुहल्ले के रहने वाले पप्पू चौहान (35) के साथ किसी काम से आजमगढ़ जिला मुख्यालयजा रहा था।
खुझिया बाजार में आजमगढ़ से मऊ की तरफ ट्रैक्टर ट्राली जा रही थी। अनिल की मैजिक अनियंत्रित होकर ट्राली में घुस जाने से जहां गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं गंभीर रुप से घायल अनिल की मौत हो गई।
जबकि पप्पू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्य मार्ग पर यह घटना होने से जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।