गोरिया बाजार। बिलरियागंज थाना क्षेत्र की रहने वाली दो महिलाओं ने पति से तकरार के बाद फांसी के फंदे पर झूल गई और दोनों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव फंदे से उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया।
पहली घटना बगवार गांव में हुई। गांव निवासी 36 वर्षीया सरोज उर्फ गुड़िया पत्नी लालजीत का सोमवार की शाम पति से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद पति लालजीत बाजार चला गया। पति के जाते ही सरोज ने पंखे से रस्सी के सहारे फांसी का फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली। जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका का मायका ककरही दुलार गांव में है। सूचना मिलते ही मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए। मायके वालों की सूचना पर पुलिस भी आ गई और शव को फंदे से नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका तीन बच्चों की मां थी। वहीं दूसरी घटना बिलरियागंज के बरोही फतेहपुर गांव में हुई। 30 वर्षीया ममता सिंह पत्नी संतोष सिंह का भी सोमवार की शाम पति से विवाद हुआ। इसके बाद उसने भी छत के चुल्ले से रस्सी के सहारे लटक कर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ममता के शव को भी कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दो मामलों में अभी कोई आरोप प्रत्यारोप सामने नहीं आए है।