आजमगढ़। अहरौला और सरायमीर थाना क्षेत्र में दो महिलाओं की संदिग्ध हाला में मौत हो गई। एक मामले में जहां पति से झगड़े को कारण बताया जा रहा है। वहीं दूसरे में महिला को अवसादग्रस्त बताया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच शुरू कर दी है।
अहरौला थाना क्षेत्र के सिपाह गांव में शनिवार को पूनम देवी (24) पुत्र सीजोर राम की तबीयत शनिवार सुबह अचानक खराब हो गई। सांप काटने का अंदेशा होने पर इलाज के लिए ले ही जा रहे थे कि उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि पूनम देवी चार माह से मायके में रह रही थी। पूनम के पिता की मौत कई साल पहले हो चुकी है। मां की मौत मई महीने में हुई है। पूनम की दो छोटी बहने थीं। उन्हीं की देखरेख के लिए पूनम मायके में रह रही थी। उसका पति भी अक्सर यहीं आकर रहता था। परिजनों का आरोप है कि जब पूनम की तबीयत खराब हो गई तो पति सोनू भाग निकला। ससुराल फोन कर उसके पति सोनू के बारे में पूछने पर लोगों ने बताया कि वह यहां नहीं पहुंचा है। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष ब्रह्मदीन पांडे ने बताया कि अभी कोई मुकदमा नहीं दर्ज है। पूनम की शादी चार साल पहले अंबेडकरनगर के जलालपुर कोतवाली के अंतर्गत नगपुर गांव के निवासी सोनू पुत्र सभाजीत के साथ हुई थी। दो बेटियां हैं। बताया जा रहा है कि उसका पति से झगड़ा भी हुआ था।
उधर, सरायमीर कस्बा के महाजनीटोला मोहल्ला निवासी व पूर्व चेयरमैन स्व. प्रकाश बरनवाल की बहू रेखा बरनवाल पत्नी शिशु बरनवाल ने शुक्रवार की रात संदिग्धावस्था में दुपट्टे से पंखे के सहारे फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। रेखा की शादी 20 वर्ष पूर्व हुई थी। घटना की जानकारी होने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं सूचना पर पहुंचे मृतक के भाई आलोक बरनवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन की मानसिक हालत काफी दिनों से ठीक नहीं थी। जिसके चलते ही उसने इस घटना को अंजाम दिया है।