बलरामपुर। मंडलीय अस्पताल परिसर के पोस्टमार्टम हाउस के पास बड़ी मात्रा में फेंकी गयी एक्सपायरी दवाओं की जांच के लिए दो टीमें गठित की गयी हैं। अस्पताल के एसआईसी ने चार सदस्यीय टीम बनायी है। इसके साथ ही सीएमओ ने दो सदस्यीय टीम गठित की है। जांच रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
मंडलीय अस्पताल में मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस के पास लाखों रुपये की की दवाएं फेंकी मिली। जिसमें आई ड्राप सहित कई प्रकार की दवाएं थी। फेंकी गई दवाएं सरकारी अस्पताल की थी। दवाओं पर एक्सपायरी वर्ष 2023 सितंबर अंकित था। मंडलीय अस्पताल के ड्रग स्टोर इंचार्ज जटाशंकर यादव से पूछने पर वे नकारते रहे। मंडलीय अस्पताल के एसआईसी डॉ. ओपी सिंह ने बताया कि दवाएं उनके अस्पताल की नहीं है। पास में ही सीएमएसडी स्टोर भी है। फेंकी गई दवाओं की जांच के लिए चार सदस्यीय टीम गठित की है। जांच होने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। सीएमओ डॉ. एनआर वर्मा ने बताया कि जांच के लिए एसीएमओ डॉ. उमाशरण पांडेय और बीआईओ प्रदीप कुमार की दो सदस्यीय टीम जांच के लिए गठित की है।