औचक निरीक्षण में अनुपस्थित मिले सफाईकर्मी के बारे में ग्रामीणों से मिली शिकायत पर डीपीआरओ ने दो सफाईकर्मी को निलंबित कर विकास खंड मुख्यालय से संबद्घ कर दिया है। एडीओ पंचायत मुहम्मदपुर द्वारा शनिवार को विकास खंड के आंवक ग्राम पंचायत का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में गांव में तैना दो सफाई कर्मी अनुपस्थित मिले। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत करते हुए सफाईकर्मियों के गांव से पलायित रहने और साफ-सफाई न करने की शिकायत की। मिली शिकायत पर डीपीआरओ लालजी दुबे ने दोनों सफाई कर्मियों को निलंबित करते हुए विकास खंड मुख्यालय से संबद्घ कर दिया। डीपीआरओ लालजी दुबे ने बताया कि एडीओ पंचायत के निरीक्षण में आंवक गांव में तैनात सफाई कर्मी गुड्डू मौर्य और नियाज अहमद अनुपस्थित पाए गए थे। ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि उनके द्वारा गांव में कभी साफ-सफाई नहीं की जाती है। वह अक्सर अपने तैनाती क्षेत्र से पलायित रहते हैँ। इनका यह कृत्य का कर्मचारी आचरण नियमावली के विरुद्घ है। जिसके लिए इन्हें प्रथम दृष्टया दोषी पाते हुए निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई संचालित की जाती है। साथ ही दोनों कर्मचारियों को विकास खंड मुख्यालय मुहम्मदपुर से संबद्घ किया जाता है। उक्त मामले की जांच एडीओ पंचायत रानी की सराय को जांच अधिकारी नियुक्त करते हुए निर्देशित किया गया है कि वह तीन सप्ताह के अंदर आरोप पत्र गठित कर स्पष्ट जांच आख्या अंतिम निर्णय के लिए उपलब्ध कराएंगे।