आजमगढ़। शहर कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने सोमवार देर शाम शहर के हाफिजपुर में मुठभेड़ के दौरान बोलेरो सवार दो अंतर्जनपदीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 46 किलो गांजा, तमंचा व कारतूस बरामद हुआ है।
एसपी सिटी पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि स्वाट टीम प्रभारी नंद कुमार तिवारी व शहर कोतवाल केके गुप्ता को सोमवार शाम सूचना मिली कि चार पहिया सवार कुछ लोग अवैध गांजा लाद कर हाफिजपुर क्षेत्र में आने वाले हैं। इस पर शहर कोतवाली पुलिस व स्वाट टीम ने हाफिजपुर के पास घेरेबंदी कर ली। इसी दौरान एक बोलेरो आती दिखी। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो बोलेरो सवार पुलिस पर फायर करते भागने लगे किंतु पुलिस ने खुद का बचाव करते हुए घेराबंदी कर बोलेरो को रोक लिया और उसमें सवार दो युवकों विनोद निवासी गोडसर थाना जहानागंज व मृत्युंजय यादव निवासी पिंडारी थाना बड़ेसर जिला गाजीपुर को पकड़ लिया। गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें 46 किग्रा गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों तस्करों ने बताया कि वे उड़ीसा से गांजा लाकर पूरे पूर्वांचल में इसकी सप्लाई करते हैं।
एसपी सिटी ने बताया कि विनोद पर विभिन्न थानों में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उस पर जहानागंज थाने में गैंगेस्टर एक्ट भी लगा हुआ है। जिसमें उसकी काफी दिनों से तलाश हो रही है। इसके अलावा गाजीपुर, मऊ, जौनपुर जिलों में भी इसके खिलाफ मुकदमे दर्ज है।