देवगांव कोतवाली क्षेत्र के भीरा चौराहा पर आजमगढ़- वाराणसी नेशनल हाईवे पर सड़क दुर्घटना में मृतक
लालगंज/मेजवां। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक किशोरी समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य किशोरी गंभीर रूप से घायल है। दोनों घटनाओं के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। देवगांव कोतवाल विमल प्रकाश राय ने बताया कि भीरा चौराहे पर आजमगढ़-वाराणसी नेशनल हाईवे पार करते समय साइकिल सवार दो सगी बहनों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में सोफीपुर गांव निवासी संध्या (16) और खुशी (13) गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों बहनें रविवार दोपहर करीब 12 बजे लालगंज बाजार दवा लेने जा रही थीं। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लालगंज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान खुशी की मौत हो गई, जबकि संध्या का इलाज पीजीआई आजमगढ़ में चल रहा है। परिजनों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर कार को कब्जे में ले लिया है। वहीं दूसरी घटना फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में हुई। भटपुरवा गांव निवासी 42 वर्षीय सुबास बिंद सोमवार रात ट्राई साइकिल से सरायमीर से फूलपुर की ओर जा रहे थे। लखनऊ-बलिया मार्ग पर जगदीशपुर गांव के पास मंटू प्रजापति की दुकान के सामने किसी अज्ञात वाहन ने उनकी ट्राई साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के छोटे भाई गिरिजेश बिंद ने कोतवाली में तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानंद यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से टकराई कार, चालक घायल-बलरामपुर। शहर के हाफिजपुर चौराहे के पास रविवार रात कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया। कप्तानगंज बाजार निवासी 25 वर्षीय अभिषेक गुप्ता ने बताया कि वह रविवार रात कार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान हाफिजपुर चौराहे के पास आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में उनकी कार पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रॉली ट्रैक्टर से अलग हो गई और कार का एयरबैग भी खुल गया। हादसे में कार चालक अभिषेक गुप्ता घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पर घायल का उपचार चल रहा है।