देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कंजहित बाजार के पास सोमवार की शाम अनियंत्रित पिकअप की टक्कर से एक बाइक पर सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि दो घायल हो गए। इनका सीएचसी लालगंज और वाराणसी में इलाज चल रहा। एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के समय तीनों एक बाइक पर ही सवार होकर देवगांव बाजार की तरफ जा रहे थे।
युवक अरविंद उर्फ रोहित सरोज (20) पुत्र शिवलोचन जौनपुर जिले के चंदवक थाना क्षेत्र के हीरापुर मचहटी गांव का निवासी था। सोमवार की शाम को अरविंद अपने गांव के मित्र सौरभ सरोज (20) पुत्र इंदल, रोहित सरोज (20) पुत्र नन्हें के साथ एक बाइक पर सवार होकर देवगांव बाजार की तरफ जा रहा था।
बाइक चलाते समय किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना थे। जैसे ही इनकी बाइक कंजहित बाजार के पास पहुंची कि सामने से आ रही अनियंत्रित पिकअप ने टक्कर मार दी। जिसमें यह तीनों घायल हो गए। घटना के बाद पिकअप लेकर चालक फरार हो गया। लोगों ने एबुलेंस और पुलिस को सूचना दी, लेकिन यह दोनों नहीं पहुंचे। इसी बीच पीएसी की गाड़ी पहुंच गई।
पीएसी के जवान तीनों को अपनी गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज में भर्ती कराया। जहां डाक्टर ने परीक्षण कर अरविंद को मृत घोषित कर दिया। जबकि सौरभ की हालत गंभीर देख उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। रोहित का सीएचसी लालगंज में इलाज चल रहा।
मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के खुंभादेवरी गांव के पास सोमवार की सुबह अनियंत्रित कार की टक्कर से दुधिए की मौत हो गई। वह बाजार में दही बेचकर घर लौट रहा था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी। बुद्धू यादव (58) पुत्र मिट्ठू मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के नोनीपुर गांव का निवासी था।
बुद्धू घर पर रहकर खेती करता था। साथ ही सुबह बाजार में दूध और दही बेचता था। सोमवार की सुबह बुद्धू घर से निकला और बाजार में दही बेचकर घर लौट रहा था। रास्ते में जैसे ही वह खुंभादेवरी गांव के पास पहुंचा कि सामने से आ रही अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी। जिसमें वह गंभीर रुप से घायल हो गया। गांव के लोग जब तक बुद्धू को अस्पताल ले जाने का प्रबंध करते कि उसकी मौत हो गई। वह तीन बेटों का पिता था।