16 मृतक मनोज राजभर की फाइल फोटो। संवाद
रानी की सराय/मेंहनगर। जिले के रानी की सराय और मेंहनगर थाना क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को दो सड़क हादसों में एक शिक्षक समेत दो लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची संबंधित थानों की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
जानकारी मुताबिक रानी की सराय थाना क्षेत्र के आरजीबाग मती कोटवा गांव निवासी जगदीश यादव (60) एक निजी विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। रोज की तरह बृहस्पतिवार की सुबह करीब 10 बजे साइकिल से वह बाजार जा रहे थे। जैसे ही वे बेलइसा रोड पर पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दिया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल जगदीश यादव को परिजन जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही रानी की सराय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इधर ट्रक चालक मौका देखकर भाग निकला। पुलिस ट्रक व चालक की तलाश कर रही है।
इधर तरवां थाना क्षेत्र के हंसराजपुर गांव निवासी सरोज राजभर (30) बृहस्पतिवार को बाइक से मेंहनगर थाना क्षेत्र के सिंहपुर बाजार गए थे। वहां से वह बोआई के लिए आलू और खाद लेकर घर लौट रहे थे। वह खरिहानी बाजार से आगे लोहानपुर मोड़ के पास पहुंचे तभी सामने से आ रहे ऑटो को बचाने के चक्कर में बाइक एक दीवार से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि सरोज की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर मेंहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक तीन पुत्र व एक पुत्री का पिता था। इस घटना से मृतक के परिजनों में मातम छाया हुआ है।
16 मृतक मनोज राजभर की फाइल फोटो। संवाद