यूपी बोर्ड की परीक्षा शनिवार को समाप्त हो गई। वहीं परीक्षा के अंतिम दिन रसायन विज्ञान व समाजशास्त्र की परीक्षा में दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते हुए दो मुन्ना भाई पकड़े गए। पकड़े गए मुन्ना भाई व असल छात्रों के खिलाफ संबंधित केंद्र व्यवस्थापक द्वारा एफआईआर दर्ज कराई गई। इसी बीच केंद्रों पर सचल दल भी जायजा लेती रही।
इंटरमीडिएट की रसायनशास्त्र एवं समाजशास्त्र के प्रश्नपत्र के साथ ही वर्ष 2023 की परीक्षाएं समाप्त हो गई। प्रथम पाली में इंटर की परीक्षा में कुल 1062 छात्र-छात्राओं के सापेक्ष कुल 1004 छात्र-छात्रा उपस्थित रहे। जबकि 58 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं द्वितीय पाली में इंटर की समाजशास्त्र एवं रसायन विज्ञान की परीक्षा में कुल 82847 छात्र-छात्राओं के सापेक्ष कुल 72016 छात्र-छात्रा उपस्थित रहे और 10831 अनुपस्थित रहे। सचल दल एवं केंद्र व्यवस्थापक तथा वाह्य केंद्र व्यवस्थापक द्वारा द्वितीय पाली रसायन विज्ञान की परीक्षा में पकड़े गए छात्रों के विरुद्घ केंद्र व्यवस्थापकों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया गया है।