आजमगढ़। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बुधवार को महिला समेत दो की फंदे पर लटकी हुई लाश मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मिली लाश से दोनों आंख तक गायब है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
जहानागंज थाना क्षेत्र के करनपुर गांव निवासिनी पूजा (28) पत्नी जवाहिर राम ने बुधवार की सुबह घर में ही चुल्ले से फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। सूचना पर मृतका की मां अतरवारी पत्नी वासु राम निवासिनी सिसवा थाना मेंहनगर भी मौके पर पहुंच गई। मां ने ससुराल वालों पर दहेज के प्रताड़ित करने और कमरे में बंद कर मार डालने का आरोप लगाया। जिस पर जहानागंज थाना पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका एक पुत्र की मां थी।
बलरामपुर संवाददाता के अनुसार रौनापार थाना क्षेत्र के पक्खोपुर गांव निवासी संदीप यादव (26) पुत्र विनोद यादव बुधवार की सुबह अपने घर पर फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पुलिस के साथ ही मृतक के ससुराल वाले भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने ससुराल वालों पर तो ससुराल वालों ने परिजनों पर ही हत्या का आरोप लगाया। जिस पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के दोनों आंख गायब थे तो वहीं गाल पर काटने का निशान था। मृतक एक पुत्र व एक पुत्री का पिता था। दोनों प्रकरणों में पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।