बलरामपुर। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बाइकों के बीच हुई टक्कर में वृद्धा समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया।
बरदह थाना क्षेत्र के पारा गांव निवासी शिवपूजन (38) पुत्र मन्नर मंगलवार को किसी काम से जिला मुख्यालय बाइक से आए हुए थे। देर शाम वह वापस घर जा रहे थे। अभी वे गंभीरपुर थाना क्षेत्र के रोहुआर गांव के पास पहुंचे थे कि दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई। इस हादसे में शिवपूजन गंभीर रुप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सीएचसी टीकरगाढ़ लालगंज ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख हॉयर सेंटर रेफर कर दिया। जिस पर परिजन उन्हें लेकर वाराणसी जा रहे थे कि रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतक दो पुत्र व एक पुत्री का पिता था। वहीं दूसरी घटना तरवां थाना के डुभांव बाजार में हुई। बाइकों की टक्कर में पकड़ीकला गांव निवासिनी छवि देवी (90) पत्नी स्व. बेचन राजभर गंभीर रुप से घायल हो गई। मंगलवार की शाम वह अपनी बहु राधिका व रिश्तेदार रजनीश के साथ बाइक से दवा लेने जा रही थी। उसे भी तत्काल सीएचसी लालगंज ले जाया गया। जहां से रेफर होने पर परिजन उसे जौनपुर जिला अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में वृद्धा ने दम तोड़ दिया। मृतका तीन पुत्र व दो पुत्रियों की मां थी। सूचना पर पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया।