आजमगढ़। अतरौलिया थाना पुलिस और एसओजी टीम ने मंगलवार की देर रात मुठभेड़ में दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी सचिन पांडेय उर्फ आकृति पांडेय के दाहिने पैर में गोली लगी। दूसरा आरोपी नरसिंह यादव है। दोनों के पास से 15 किलोग्राम से अधिक गांजा बरामद किया गया है।
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि 15 जुलाई की देर रात थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा और एसओजी प्रभारी मनीष पाल को सूचना मिली कि दो तस्कर गांजा और असलहे के साथ मोटरसाइकिल से मदियापार-अहरौला मार्ग से गुजरने वाले हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम जमीन अगया अंडरपास के पास घेरेबंदी की।
थोड़ी ही देर में मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध दिखाई दिए। उन्होंने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। पीछा करने पर ग्राम खदेरुपट्टी के पास मोटरसाइकिल फिसल गई। तभी पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी सचिन पांडेय उर्फ आकृति पांडेय के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे आरोपी नरसिंह यादव को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
00
आरोपियों पर दर्ज हुए मुकदमे
तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से दो अवैध देशी तमंचा (.315 बोर), दो कारतूस, दो बोरियों में 10 किलो 150 ग्राम और 5 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद किया। दोनों के विरुद्ध थाना अतरौलिया में धारा 109(1) बीएनएस, आर्म्स एक्ट, व 8/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत केस दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
00
आरोपी सचित पर 22 मुकदमे दर्ज
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि अभियुक्त सचिन पांडेय के खिलाफ जनपद आजमगढ़ के विभिन्न थानों में 22 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या, लूट, हत्या का प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, धोखाधड़ी और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े गंभीर अपराध शामिल हैं। सचिन पहले भी कई बार जेल जा चुका है। मुठभेड़ में घायल अभियुक्त सचिन पांडेय को सीएचसी अतरौलिया में भर्ती कराया गया है। सचिन अतरौलिया थाना क्षेत्र के अचलीपुर का निवासी है। उसके साथ पकड़ा गया दूसरा बदमाश नरसिंह यादव महराजगंज थाना क्षेत्र के देवारा तुर्कचारा मोती का पुरा का निवासी है।
00
इस वर्ष पकड़े जा चुके हैं कई गांजा तस्कर
आजमगढ़। जनपद में गांजा तस्करी का पहला मामला नहीं है। इस वर्ष पुलिस और एसटीएफ की सक्रियता से गांजा तस्करी के कई मामलों का खुलासा हुआ है। जिसमें लाखों का रुपये का गांजा पकड़ा गया है। साथ ही कई आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है।
- अभी चार दिन पूर्व ही अंबेडकर नगर जिले की एसओजी टीम ने गांजा तस्करी की सूचना पर एक स्विफ्ट कार को रोका। तलाशी के दौरान कार से 80 किलो गांजा बरामद हुआ था। मौके से अहरौला थाना क्षेत्र के अरहरिया गांव निवासी रामप्रवेश और गौरी गांव निवासी रणविजय राजभर को गिरफ्तार किया गया था। कड़ाई से पूछताछ की गई तो दोनों ने बताया कि गांजा अशोक यादव को देना था। सावन माह में शिवभक्तों के बीच खपाने की योजना थी।
- एक जून को जीयनपुर कोतवाली पुलिस व एसटीएफ की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को रात में जीयनपुर मुबारकपुर तिराहे के पास लखनऊ से आ रही एक मैजिक वाहन को घेर कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान मैजिक से पुलिस ने 13 लाख 25 हजार रुपये के कीमत का गांजा बरामद कर राजेन्द्र यादव निवासी भैसाड थाना रौनापार को गिरफ्तार किया।
21 मार्च आसाम से ट्रक में लदे प्लास्टिक के दाना के बीच गांजा छिपाकर आजमगढ़ ला रहे तस्कर को एसटीएफ वाराणसी ने कस्बा मेहनाजपुर से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी के पास से पुलिस ने करीब 280 किलो गाजा, ट्रक, मोबाइल व 1450 रुपये बरामद किया था। पकड़े गए गाजा की कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई गई।