बलरामपुर। सड़क हादसों में बाइक की चपेट में आकर घायल दो वृद्ध महिलाओं की सोमवार को मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने दोनों वृद्ध महिलाओं के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तहबरपुर कस्बा निवासिनी शांति देवी (60) पत्नी नंदलाल यादव सोमवार की सुबह घर के सामने ही सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार ने उन्हें धक्का मार दिया। जिससे शांति देवी की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया। मृतका तीन पुत्रियों की मां थी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। इसी क्रम में मऊ जिले के खुरहट रानीपुर मोड़ पर 25 अक्टूबर को बाइक की चपेट में आकर धर्मी देवी (67) पत्नी बंधन राम निवासी अमारी थाना सराय लखंसी जिला मऊ गंभीर रुप से घायल हो गई। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान सोमवार की सुबह उनकी मौत हो गई। मृतका दो पुत्र व एक पुत्री की मां थी। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।