आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के बद्दोपुर गांव में स्थापित बाबा साहब की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर जाति संघर्ष कराने की योजना बनाने वाले दो अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। समय रहते आरोपियों की गिरफ्तारी से गांव में होने वाले जाति संघर्ष पर लगाम लगने से महकमे ने राहत की सांस ली है।
एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मुखबिर से यह सूचना मिली कि पुलिस की छवि खराब करने के उद्देश्य को लेकर कुछ अपराधी छवि के लोग जगह-जगह एक वर्ग विशेष के आराध्य बाबा साहब की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर जाति संघर्ष की रणनीति बना रहे है। इस सूचना पर पुलिस टीम सक्रिय हो गई और ऐसे लोगों की तलाश में जुट गई। मुखबिर से भी सूचना मिली कि बद्दोपुर गांव स्थित बाबा साहब की प्रतिमा को पहले तोड़े जाने की रणनीति उक्त लोगों ने बनाई है। इस पर पुलिस टीम बद्दोपुर गांव में पहुंची तो गांव निवासी अरविंद उपाध्याय के घर के पाससे दो लोगों को लोहे की राड के साथ पकड़ा। गिरफ्तार लोगों में विजय सिंह पुत्र नरेंद्र सिंह निवासी करतालपुर थाना कोतवाली व महेश सिंह पुत्र शिवशंकर सिंह निवासी ब्रह्मस्थान थाना कोतवाली शामिल है। एसपी ने बताया कि इस षड़यंत्र में जेल में निरूद्ध विवेक सिंह भी शामिल है।