अतरौलिया थाना पुलिस ने शुक्रवार को बूढ़नपुर चौराहे से पशु तस्करी से जुड़े दो अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई। दोनों आरोपी गौवंश लदे वाहनों को पास कराने की कवायद करते थे। इनके पास से पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगी स्कार्पियों बरामद किया है। एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि अतरौलिया थाना पुलिस बूढ़नपुर चौराहे पर मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की स्कार्पियो गाड़ी पेट्रोलपंप के पास खड़ी है। जिसके आगे व पीछे लगे नंबर प्लेट पर लिखा रजिस्ट्रेशन नंबर अलग-अलग है। इस सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो गाड़ी में बैठे लोग उतर कर भागने लगे। जिस पर पुलिस ने दौड़ा कर दो युवकों को पकड़ लिया। पकड़े गए युवकों में रोहित यादव पुत्र लाल बहादुर यादव व राम बूझ यादव पुत्र ज्ञानप्रकाश यादव निवासी कोहड़ा थाना शाहगंज जनपद जौनपुर शामिल है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे वध के लिए जाने वाले गोवंश लदे वाहनों को पास कराने का काम करते है। पुलिस को गुमराह करने के लिए ही हमने गाड़ी पर आगे व पीछे अलग-अलग नंबर लगाया है। गाड़ी शाहगंज कोतवाली के मलहज निवासी विपिन यादव पुत्र रमेश यादव की है। उन्होंने यह भी बताया कि बृहस्पतिवार को कंधरापुर थाना क्षेत्र में पकड़ी गई गोवंश लदी ट्रक को बूढ़नपुर से पास कराया था। पुलिस ने स्कार्पियों के अलावा रोहित के पास से दो मोबाइल टच स्क्रीन व एक कीपैड वाली तथा रामबुझ के पास से एक अदद टचस्क्रीन मोबाइल बरामद किया। दोनों का संबंधित धाराओं में चालान कर दिया है।