फरिहां। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा गांव के पास बुधवार को दिन में मवेशी से टकराकर बाइक पलट गई। उस पर सवार दंपती उछलकर दूर गिर कर घायल हो गए। वहीं पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक को कुचल दिया। घायल दंपती को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रानी की सराय थाना क्षेत्र के अनौरा गांव निवासी अजय (34) अपनी पत्नी शशिकला (30) को लेकर बाइक से रिश्तेदारी में सरायमीर गए थे। रिश्तेदारी से लौटते समय अभी वे फरिहा गांव के पास ही पहुंचे थे कि बाइक के सामने एक मवेशी आ गया। जिससे टकरा कर बाइक सड़क पर पलट गई और उस पर बैठे दंपति छिटक कर दूर जा गिरे और घायल हो गए। इस बीच पीछे से आ रही ट्रक सड़क पर गिरी बाइक को कुचलते हुए निकल गई। घायल दंपती को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पति अजय को गंभीर चोट आयी है। क्षतिग्रस्त बाइक को पुलिस ने अपनी कस्टडी में ले लिया है।