लाटघाट। रौनापार थाना क्षेत्र के लाटघाट कस्बा के पास गुरुवार की सुबह ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार एक युवक की जहां मौत हो गई, वहीं दूसरा गंभीर रुप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया, वहीं घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रौनापार थाना क्षेत्र के करमैनी गांव निवासी 25 वर्षीय हलीम पुत्र अमीन गांव के ही 27 वर्षीय इंसाफ अली पुत्र मोल्हू के साथ बाइक से गुरुवार की सुबह बड़हलगंज से वापस लौट रहा था। अभी वे लाटघाट कस्बा स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचा था कि सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए। बाइक से टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिरे और ट्रक ने दोनों को रौंद दिया। इस हादसे में हलीम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं इंसाफ अली गंभीर रुप से घायल हो गया। सूचना पर रौनापार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल इलाज के लिए भेजने के साथ ही मृतक के शव को पीएम के लिए मर्चरी भेज दिया। मृतक तीन भाईयों में बड़ा था। उसके बहन की शादी आगामी 27 जनवरी को है, जिसकी तैयारी में वह जुटा हुआ था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। घटना की जानकारी पर मौके पर जुटे करमैनी गांव के ग्रामीण चक्काजाम का प्रयास किए, जिन्हें कोतवाल जीयनपुर नंद कुमार तिवारी ने समझा-बुझाकर शांत करा दिया।