फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Azamgarh News: ओवरलोड से रोजाना फुंक रहे ट्रांसफार्मर

विज्ञापन
विज्ञापन
तपिश के साथ ही ट्रांसफार्मरों के फुंकने का सिलसिला जारी है। जून में प्रतिदिन औसतन 23 ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं। इसके पीछे बढ़ती गर्मी के साथ अधिक लोड पड़ना बताया जा रहा है। अप्रैल में जहां ओवरलोड से 395 ट्रांसफार्मर फुंक गए तो मई में इनकी संख्या बढ़कर 509 हो गई। वहीं 12 जून तक जिले में 281 ट्रांसफार्मर फुंक चुके हैं। जिले में 6.16 लाख घरेलू, कामर्शियल उपभोक्ता हैं। इन उपभोक्ताओं तक आसानी से बिजली आपूर्ति हो सके इसके लिए छह डिवीजन बनाए गए हैं। मार्च केे बाद से जैसे-जैसे गर्मी बढ़ी वैसे-वैसे बिजली की खपत भी बढ़ने लगी। कई ट्रांसफार्मरों पर क्षमता से अधिक लोड होने पर वह फुंक रहे हैं। कुछ ट्रांसफार्मर शार्ट सर्किट व फाल्ट से भी फुंक रहे हैं। इस समय दिन का तापमान 44 डिग्री से ऊपर जबकि रात का भी तापमान 34 से 35 डिग्री के आसपास हो रहा है। ऐसे में दोनों समय लोग गर्मी से बेचैन हो रहे हैं। गर्मी और लू से निजात पाने के लिए हर कोई पंखा, कूलर, एसी व फ्रिज का इस्तेमाल कर रहा है। कई उपभोक्ता तो ऐसे हैं जो कनेक्शन कम किलोवाट का लिए है और बिजली का उपयोग अधिक कर रहे हैं। इतना ही नहीं कई लोग चोरी से बिजली का इस्तेमाल करते चले आ रहे हैं। ऐसे में ओवरलोड के चलते आए दिन ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं। विभाग के आंकड़ों पर गौर करें तो अप्रैल माह में हर दिन जहां रोजना 12 से 13 ट्रांसफार्मर फुंके वहीं, मई में ट्रांसफार्मरों के फुंकने की संख्या और बढ़ गई। मई माह में ओवर लोड से हर दिन औसतन 16 से 17 ट्रांसफार्मर फुंक रहे थे। अब जून माह में इनके फुंकने की संख्या और बढ़ गई है। 12 जून तक औसतन प्रतिदिन 23 ट्रांसफार्मर फुंके। ट्रांसफार्मर फुंकने की सूचना 1912 पर दी जाती है। नियमत: सूचना के 48 घंटे के भीतर दूसरा ट्रांसफार्मर लग जाना चाहिए, लेकिन ऐसा हो नहीं पा रहा है। जेई के रिपोर्ट लगाने के बाद भी तीन से लेकर सात दिन का समय लग रहा है। अनुबंधित ठेकेदार समय पर ट्रांसफार्मर पहुंचा नहीं पा रहे हैं। दूसरा कोई विकल्प न होने के कारण उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं। रवि अग्रवाल अधिशाशी अभियंता, विद्युत कार्यशाला ने बताया कि जिस तरह से गर्मी बढ़ती जा रही है, ट्रांसफार्मरों पर अधिक लोड बढ़ रहा है। जिसके कारण यह फुंक रहे हैं। बहरहाल उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए वर्कशॉप में 511 ट्रांसफार्मर तैयार हैं। प्रयास रहता है कि दो दिन के भीतर ट्रांसफार्मर लगा दिया जाय।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें