क्षेत्र के लोहरा डंडवा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 63 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर जल जाने के कारण पिछले 72 घंटे से सैकड़ों घरों में बिजली नहीं है। नया ट्रांसफाॅर्मर न लगाए जाने से ग्रामीणों में रोष है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से गांव के लोगों के घरेलू कामकाज और अन्य जरूरी कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
नाराज ग्रामीणों ने रविवार को विरोध प्रदर्शन कर जल्द ट्रांसफाॅर्मर लगाए जाने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि 24 घंटे के भीतर खराब ट्रांसफाॅर्मर बदलने का दावा किया जाता है, लेकिन लोहरा डंडवा गांव में तीन दिन से अधिक समय बीत जाने के बाद भी ट्रांसफाॅर्मर नहीं बदला गया है। ग्रामीणों के अनुसार, उन्होंने बिजली निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को कई बार फोन के माध्यम से समस्या से अवगत कराया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। कोई कर्मचारी ट्रांसफाॅर्मर की स्थिति देखने तक नहीं आया है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान मुकेश मिश्रा, सुरेंद्र सिंह, अविनाश सिंह, आदित्य उपाध्याय, प्रतीक सिंह, पंकज सिंह, आनंद सिंह, रामबचन गौड़, अमित सिंह, शिवम गौड़, अंगद सिंह, परमहंस सिंह, मंगल सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ट्रांसफाॅर्मर नहीं लगाया गया तो प्रदर्शन करेंगे।
बिजली गिरने से क्षेत्र में कई ट्रांसफाॅर्मर जले हैं। संबंधित ट्रांसफार्मरों की पीआर (पावर रिप्लेसमेंट) लगा दी गई है। लोहरा डंडवा गांव में ट्रांसफाॅर्मर भेजने की व्यवस्था की जा रही है और जल्द आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। - प्रवीन वर्मा, उपखंड अधिकारी।