आजमगढ़। कोविड वैक्सीनेशन के लिए जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण देना शुरू कर दिया गया है। दो दिवसीय ट्रेनिंग का सोमवार को पहला दिन रहा। हालांकि अभी डोज और अन्य मामलों की कोई जानकारी नहीं दी जा रही है। अभी वैक्सीन के रखरखाव और तैयारियों के बारे में ही बताया जा रहा है। ट्रेंड होने के बाद जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर सभी चिकित्सकों और कर्मचारियों को ट्रेनिंग देंगे। ट्रेनिंग प्रोग्राम में सीएमओ डॉ. एके मिश्रा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजय, डब्ल्यूएचओ की टीम के साथ ही रानी की सराय, जहानागंज, लालगंज, बिलरियागंज, सठियांव के एमओआईसी ने भाग लिया। डॉ. संजय ने बताया कि मंगलवार को भी ट्रेनिंग दी जाएगी। बताया कि जनपद में नए कोल्ड चेन का निर्माण पूरा हो चुका है। शासन से चार आइस लाइन रेफ्रिजरेटर भी आवंटित कर दिए गए हैं। दो-चार दिन में यह जनपद में पहुंच जाएंगे। सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि जनपद में कोरोना वैक्सीनेशन के लिए अभी तक 10 हजार से ज्यादा लोगों की फीडिंग की जा चुकी है। फीडिंग का कार्य अभी चल रहा है।